दलित, पिछड़े व मुस्लिमों के साथ दुर्व्यवहार के विरोध में भीम आर्मी का प्रदर्शन, एसएसपी को सौंपा 14 सूत्रीय ज्ञापन
बरेली। जनपद के विभिन्न थानों में दलित, पिछड़े और मुस्लिम समाज के लोगों के साथ कथित दुर्व्यवहार तथा उनके मामलों में पुलिस द्वारा लापरवाही बरतने के विरोध में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया। जिला संयोजक महेंद्र पाल सागर, विकास बाबू और अच्छन अंसारी के नेतृत्व में कार्यकर्ता सेठ दामोदर पार्क में एकत्र हुए और वहां से नारेबाजी करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने क्षेत्राधिकारी प्रथम को 14 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जिले के कई थानों में दलित, पिछड़े और मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है। विकास बाबू ने कहा कि भीम आर्मी भारत एकता मिशन जनपद बरेली में शोषित, वंचित और पीड़ित वर्गों की आवाज संवैधानिक तरीके से उठाने का कार्य करता है तथा पुलिस प्रशासन के सहयोग से पीड़ितों को न्याय दिलाने का प्रयास करता रहा है। लेकिन पिछले कुछ महीनों में, विशेषकर होली के दौरान हुई घटनाओं में पुलिस द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई और कई मामलों में शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ थानों में शिकायत लेकर जाने वाले दलित और मुस्लिम समाज के लोगों के साथ अभद्र व्यवहार किया जाता है। कई बार उन्हें थाने में बैठाकर प्रताड़ित भी किया जाता है। कुछ थाना प्रभारियों पर जातिगत मानसिकता के चलते मामलों को दबाने और घटनाओं को झूठा साबित करने के भी आरोप लगाए गए।
ज्ञापन में भीम आर्मी के मंडल महासचिव आकाश सागर के साथ होली की रात हुई घटना का भी उल्लेख किया गया। आरोप है कि थाना बिथरी चैनपुर में घटना के पर्याप्त साक्ष्य होने के बावजूद पहले मामला दर्ज नहीं किया गया और बाद में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मुकदमा दर्ज हुआ। संगठन ने आकाश सागर को सुरक्षा प्रदान करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की।
इसके अलावा ग्राम अहियापुर के जाटव परिवारों के पलायन का मामला भी उठाया गया। संगठन का आरोप है कि गांव के दबंगों द्वारा मारपीट, लूटपाट और खेतों में लगे पेड़ों को काटने जैसी घटनाओं के बावजूद पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई नहीं की। रवि कुमार नामक पीड़ित के परिवार के पलायन और कथित मारपीट की घटना को भी ज्ञापन में शामिल किया गया।
भीम आर्मी ने थाना सीबीगंज और शेरगढ़ से जुड़े मामलों में भी कार्रवाई न होने का आरोप लगाया। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि इन प्रकरणों में शीघ्र न्यायोचित कार्रवाई नहीं की गई तो भीम आर्मी जनपद बरेली बंद का आह्वान करने के लिए बाध्य होगी, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।













































































