युद्ध की आशंका से पेट्रोल पंपों पर भीड़, लोगों ने टैंक कराए फुल
ग्रेटर नोएडा। ईरान और अमेरिका-इस्राइल के बीच बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में उछाल की आशंका के चलते शनिवार को ग्रेटर नोएडा के कई पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ देखने को मिली। पेट्रोल और डीजल महंगा होने की आशंका के बीच लोग अपने वाहनों के टैंक फुल कराने के लिए पेट्रोल पंपों पर पहुंचने लगे, जिससे कई स्थानों पर लंबी कतारें लग गईं।
बताया जा रहा है कि खाड़ी क्षेत्र में युद्ध की स्थिति का असर वैश्विक तेल बाजार पर पड़ रहा है। ईरान पर हमले के कारण तेल की आपूर्ति प्रभावित होने की संभावना जताई जा रही है। विशेषज्ञों के अनुसार खाड़ी क्षेत्र से दुनिया को लगभग 20 प्रतिशत कच्चा तेल आपूर्ति होता है। आपूर्ति बाधित होने की आशंका के बीच अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत 90 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच चुकी है। यदि यह स्थिति जारी रहती है तो भारत में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हो सकती है।
शनिवार शाम को शहर के कई पेट्रोल पंपों पर वाहनों की लंबी कतारें देखी गईं। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के समृद्धि ग्रैंड एवेन्यू निवासी संजीव ने बताया कि एक मूर्ति गोल चक्कर के पास स्थित पेट्रोल पंप पर काफी भीड़ थी। बाइक और कारों की लंबी लाइन लगी हुई थी और अधिकांश लोग अपने वाहनों के टैंक फुल करा रहे थे ताकि कीमतें बढ़ने की स्थिति में उन्हें अतिरिक्त खर्च न करना पड़े।
वहीं जिला आपूर्ति विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ने को लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं मिली है। अधिकारियों के अनुसार पेट्रोलियम कंपनियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है, लेकिन अभी तक कीमतों में वृद्धि का कोई आदेश जारी नहीं हुआ है।
उधर खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव का असर पड़ोसी देश पाकिस्तान में भी दिखाई दे रहा है। वहां पेट्रोल की कीमतों में लगभग 55 रुपये प्रति लीटर तक की बढ़ोतरी की गई है, जिससे कीमत करीब 335 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गई है। अमेरिका, यूरोप और इस्राइल में भी तेल की कीमतों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।













































































