मथुरा में भी बनेगा अयोध्या जैसा भव्य मंदिर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में दर्शन के बाद श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की कृपा हुई तो अयोध्या की तरह मथुरा में भी भव्य और दिव्य मंदिर का निर्माण होगा। मुख्यमंत्री के इस बयान से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह का माहौल बन गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण के साथ वर्षों से प्रतीक्षित सपना साकार हुआ है। अब उसी तर्ज पर मथुरा को भी उसकी गौरवशाली पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि में भी एक भव्य और अलौकिक मंदिर बनेगा, जो देश ही नहीं बल्कि दुनिया भर के श्रद्धालुओं के लिए आस्था का बड़ा केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि मथुरा में भव्य मंदिर के निर्माण से धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा और इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलेगी। मुख्यमंत्री के इस बयान पर श्रद्धालुओं ने खुशी जाहिर करते हुए इसे ऐतिहासिक क्षण बताया।
इसी दौरान उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद की आठवीं बोर्ड बैठक में ब्रज क्षेत्र के विकास से जुड़े करीब 300 करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में तीर्थ स्थलों के सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में मथुरा-वृंदावन रेल मार्ग के 11.80 किलोमीटर लंबे ट्रैक को फोरलेन मार्ग में बदलने का प्रस्ताव भी प्रमुख रहा। मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग, ब्रज तीर्थ विकास परिषद और जिला प्रशासन को रेलवे विभाग के साथ समन्वय कर भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में पोड रैपिड ट्रांजिट सिस्टम की व्यवहारिकता का अध्ययन कराने के निर्देश भी दिए, ताकि भविष्य में श्रद्धालुओं की आवाजाही को और सुगम बनाया जा सके।













































































