बरेली। ऑल इंडिया मुस्लिम मजलिस के पदाधिकारियों ने विश्व शांति, मानवीय मूल्यों की रक्षा और बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव को समाप्त करने के लिए भारत सरकार से सकारात्मक पहल करने की मांग की। मंडल अध्यक्ष मुख्तार अहमद के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ता जिला अधिकारी कार्यालय पहुंचे और महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी (सदर) को सौंपा। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मुख्तार अहमद और दीपेश भारती ने कहा कि संगठन के कार्यकर्ता विश्व शांति और मानवता की रक्षा के उद्देश्य से शांति मार्च निकालकर अपनी मांग सरकार तक पहुंचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्व के कई क्षेत्रों में बढ़ते सैन्य तनाव और संघर्ष से वैश्विक शांति व स्थिरता पर गंभीर खतरा पैदा हो गया है, जिसका सबसे अधिक दुष्प्रभाव आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों पर पड़ता है। उन्होंने भारत सरकार से अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सक्रिय भूमिका निभाते हुए संवाद, कूटनीति और सहयोग के माध्यम से वैश्विक तनाव कम करने की दिशा में पहल करने की अपील की। ज्ञापन के दौरान दीपेश भारती , मुख्तार अहमद आदि मौजूद थे ।