बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के युवा हरविन्द यादव और गौरव यादव समाजवादी पार्टी के पीडीए संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पीडीए बाइक रथ लेकर पूरे प्रदेश के दौरे पर निकल पड़े हैं। इस अभियान के तहत दोनों युवा गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक कर रहे हैं और पीडीए को मजबूत करने का संदेश दे रहे हैं। हरविन्द यादव ने बताया कि उन्होंने 12 फरवरी को बरेली की भोजीपुरा विधानसभा से अपने अभियान की शुरुआत की थी। इसके बाद वह बरेली जिले की नौ विधानसभाओं में जाकर लोगों से संपर्क कर चुके हैं और पीडीए के बारे में जानकारी दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य पूरे उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभाओं के गांव-गांव तक पहुंचकर जनता को जागरूक करना और समाजवादी पार्टी को मजबूत करना है। हरविन्द यादव ने विश्वास जताया कि प्रदेश में पीडीए का संदेश फैलाकर वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए कार्य किया जाएगा।