बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे से एक बड़ी खबर सामने आई है। बरेली में तैनात एसपी साउथ अंशिका वर्मा और संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई जल्द ही विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों आईपीएस अधिकारियों का विवाह 29 मार्च को राजस्थान के बाड़मेर में संपन्न होगा, जो कृष्ण कुमार बिश्नोई का गृह जनपद है। बताया जा रहा है कि दोनों अधिकारियों की मुलाकात गोरखपुर में तैनाती के दौरान हुई थी। इसी दौरान दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे यह रिश्ता परिवारों तक पहुंच गया। बाद में दोनों परिवारों की सहमति से विवाह का निर्णय लिया गया। एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने भी विवाह की पुष्टि करते हुए बताया कि अभी औपचारिक रस्में शुरू नहीं हुई हैं। माह के अंत में संभल में पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद मुख्य विवाह समारोह बाड़मेर में होगा। अंशिका वर्मा वर्ष 2020 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं, जबकि कृष्ण कुमार बिश्नोई 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। विवाह की खबर से पुलिस महकमे और परिचितों में खुशी का माहौल है।