बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के गांव मुड़िया अहमदनगर में श्मशान भूमि का रास्ता बंद किए जाने के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) के पदाधिकारी और ग्रामीणों ने भूख हड़ताल शुरू कर दी है। जिला अध्यक्ष केशव सिंह सोलंकी के नेतृत्व में किसान और गांव के लोग सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में धरने पर बैठ गए। जिला अध्यक्ष केशव सिंह सोलंकी ने बताया कि गांव में श्मशान भूमि के लिए जाने वाले पुराने रास्ते पर कुछ लोगों द्वारा अवैध निर्माण कर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे श्मशान तक जाने का रास्ता पूरी तरह बंद हो गया है। इससे ग्रामीणों को अंतिम संस्कार के लिए शव ले जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले जिला अधिकारी को ज्ञापन देकर समस्या के समाधान की मांग की गई थी और आश्वासन भी मिला था, लेकिन अभी तक रास्ता नहीं खुलवाया गया। प्रशासन की उदासीनता के विरोध में किसान यूनियन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण भूख हड़ताल पर बैठकर रास्ता खुलवाने की मांग कर रहे हैं। धरना स्थल पर श्याम बिहारी , हेमराज, ओमपाल , सुंदर लाल, सूरज सिंह , अभिलाष , राजवीर , अमित यादव , अमन यादव , आकाश यादव , शोभित यादव , अमित , सूरज सिंह , शिवपाल , राजेश यादव आदि मौजूद हैं।