बरेली। थाना सिरौली पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक अभियुक्त को 80 पौव्वे देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, 27 फरवरी को शाम करीब 6:30 बजे उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह एवं कांस्टेबल मनीष कुमार थाना सिरौली को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक ग्राम जगन्नाथपुर व दलीपुर जाने वाले चौराहे पर अवैध शराब बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर अभियुक्त यशपाल सिंह पुत्र ओमकार सिंह निवासी लच्छमपुर थाना आंवला, बरेली को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 80 पौव्वे ‘सोल्जर’ मार्का देशी शराब बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर थाना सिरौली में आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह पैसे कमाने के लिए ठेके से 75 रुपये प्रति पौव्वा खरीदकर 85 रुपये में बेच देता था। उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी की गुहार भी लगाई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अर्जुन सिंह और कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल रहे।