व्यापारी मोहसिन खान बोले की ‘हिस्ट्रीशीटर की साजिश, 20 लाख की रंगदारी और झूठे मुकदमों से बदनाम करने की कोशिश
बरेली। उपजा प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में शहर के व्यापारी तथा मन्नानी मियां के दामाद मोहसिन खान ने थाना इज्जतनगर के एक हिस्ट्रीशीटर पर गंभीर आरोप लगाते हुए सनसनीखेज खुलासे किए। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2021 से लगातार उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कराने, फर्जी शिकायती पत्र देने और प्रशासन को गुमराह करने की सुनियोजित साजिश रची जा रही है।
मोहसिन खान ने कहा कि वह कानून में विश्वास रखने वाले नियमित करदाता और पुराने व्यापारी परिवार से ताल्लुक रखते हैं। उनके पिता और दादा शहर के प्रतिष्ठित ट्रांसपोर्टर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संबंधित हिस्ट्रीशीटर कभी खुद को किसी संगठन का पदाधिकारी, कभी वकील और कभी किसी राजनीतिक दल से जुड़ा बताकर अलग-अलग नामों से शिकायतें करता है और मीडिया के द्वारा बदनाम करने की कोशिश करता है।
प्रेस वार्ता में उन्होंने बताया कि उनके खिलाफ दर्ज कराए गए अधिकतर मुकदमों में पुलिस जांच के बाद अंतिम रिपोर्ट लग चुकी है, जिन्हें न्यायालयों ने भी स्वीकार किया है। वर्तमान में केवल एक पुराना मुकदमा लंबित है। उन्होंने कहा कि हाल ही में उन पर सीलिंग की जमीन पर कब्जा करने और वहां कॉलोनी, मार्केट तथा होटल बनाने के आरोप लगाए गए थे, लेकिन सीओ तृतीय और एडीएम सिटी स्तर की जांच में स्पष्ट हो गया कि जमीन पर कोई अवैध कब्जा नहीं है और आरोपों की पुष्टि नहीं हुई।
मोहसिन खान ने यह भी आरोप लगाया कि उक्त हिस्ट्रीशीटर और उसके सहयोगियों द्वारा फर्जी पैड और संगठनों के नाम से शिकायतें भेजी जाती हैं तथा झूठे मुकदमे दर्ज कराए जाते हैं। उनका कहना है कि जब भी जांच होती है, आरोप निराधार साबित होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बदनामी का भय दिखाकर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई है। इस संबंध में उन्होंने थाना प्रेमनगर में एफआईआर दर्ज कराने की जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि उनका व्यापार वर्षों से संचालित है, वे नियमित रूप से टैक्स अदा करते हैं और किसी की जमीन पर अवैध कब्जे का प्रश्न ही नहीं उठता। मोहसिन खान ने मीडिया से अपील की कि भविष्य में यदि उनके संबंध में कोई आरोप प्रकाशित किया जाए तो उनका पक्ष अवश्य लिया जाए, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके और निष्पक्ष पत्रकारिता की मर्यादा बनी रहे।













































































