बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र के हजियापुर निवासी 45 वर्षीय रईस पुत्र रशीद की सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है। मिली जानकारी के अनुसार रईस मंगलवार की शाम घर से पैदल निकले थे। परिजनों का कहना है कि रात करीब 11 बजे उनकी फोन पर बात हुई थी। उस समय रईस ने बताया था कि वह थोड़ी देर में घर पहुंच रहे हैं। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। बुधवार सुबह नकटिया चौकी से परिजनों को सूचना मिली कि रईस नकटिया पुल के पास घायल अवस्था में मिले हैं। पुलिस ने उन्हें तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया। परिजन जब तक अस्पताल पहुंचे, तब तक रईस बेहोशी की हालत में थे और उनका इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मारी होगी। रईस ऑटो चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।