बरेली। कर्मचारी कल्याण सेवा समिति बरेली के अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा ने बरेली कॉलेज बरेली परिसर में विधायक निधि से निर्मित शौचालयों पर ताला लगे होने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी बरेली को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजकर शीघ्र ताला खुलवाने की मांग की है। बताया गया है कि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल की विधायक निधि से कॉलेज परिसर में लगभग 10 शौचालयों का निर्माण कराया गया था। इन शौचालयों का लोकार्पण भी किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद इन पर ताला लगे होने से छात्र-छात्राओं व कर्मचारियों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। जितेंद्र मिश्रा ने कहा कि जब लाखों रुपये की लागत से जनहित में शौचालय बनाए गए हैं, तो उनका उपयोग आम लोगों के लिए सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि लोकार्पण के बाद भी शौचालय बंद क्यों हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ताला नहीं खुलवाया गया तो मामले की शिकायत कमिश्नर बरेली से की जाएगी। इस मुद्दे को लेकर कॉलेज प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।