बरेली। जनपद में अनुशासनहीनता पर सख्त रुख अपनाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बड़ी कार्रवाई की है। अनाधिकृत रूप से गैरहाजिर रहने और गंभीर आरोपों के संज्ञान में आने पर 3 आरक्षी, 3 मुख्य आरक्षी को निलंबित किया गया है, जबकि 1 रिक्रूट आरक्षी को चयन निरस्त करने हेतु नोटिस जारी किया गया है। कार्रवाई के तहत आरक्षी कृष्ण गोपाल थाना कोतवाली, केशव कुमार व प्रशांत कुमार सिंगल विंडो को स्वीकृत अवकाश के बाद ड्यूटी पर उपस्थित न होने और लगातार गैरहाजिर रहने के कारण निलंबित किया गया। इसी प्रकार रिक्रूट आरक्षी अभिषेक सिंह, जो रिजर्व पुलिस लाइन में प्रशिक्षणरत था, दो दिन की आकस्मिक छुट्टी के बाद वापस न लौटने पर उसके चयन निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू की गई है। एलआईयू विभाग की गोपनीय जांच में यह तथ्य भी सामने आया कि संबंधित आरक्षी/रिक्रूट प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में संलिप्त पाए गए। वहीं मुख्य आरक्षी सुरजीत सिंह को राज्यपाल की फ्लीट ड्यूटी से अनुपस्थित रहने, संजीव कुमार को बंदी पेशी ड्यूटी में गैरहाजिर रहने तथा रविन्द्र सिंह को शराब सेवन, उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और ड्यूटी के दौरान दुर्व्यवहार जैसे गंभीर आरोपों के चलते निलंबित किया गया है। एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहेगी।