बदायूँ । लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवा मतदाताओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए आवास विकास बदायूँ स्थित राजकीय महाविद्यालय में राजनीति विज्ञान विभाग द्वारा चुनाव आयोग के ‘वोट फॉर न्यू इंडिया’ अभियान से प्रेरित होकर एक व्यापक मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत 18 वर्ष के हो चुके सभी छात्र-छात्राओं को अनिवार्य रूप से मतदाता सूची में पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे आगामी चुनावों में सक्रिय भागीदारी निभा सकें। इसके लिए सभी छात्र छात्राओं को शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन राजनीति विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने किया। डॉ. जायसवाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, “लोकतंत्र का आधार स्तम्भ जागरूक मतदाता है। 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवा अब देश के भविष्य नहीं वर्तमान हैं। वोटर आईडी बनवाना न केवल उनका अधिकार, बल्कि कर्तव्य भी है। हमारा लक्ष्य है कि महाविद्यालय के प्रत्येक छात्र मतदाता बने और जागरूक नागरिक के रूप में समाज को मजबूत करें।” अभियान के दौरान डॉ दिलीप कुमार वर्मा ने मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया, ऑनलाइन फॉर्म भरने की विधि, आवश्यक दस्तावेजों एवं समय सीमा के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। छात्रों को वोटर हेल्पलाइन ऐप एवं निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के उपयोग की ट्रेनिंग भी प्रदान की गई। शपथ ग्रहण कार्यक्रम में सैकड़ों छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ अनिल कुमार ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह अभियान न केवल छात्रों को जागरूक करेगा, बल्कि स्थानीय जनसमुदाय को भी प्रेरित करेगा। अभियान के तहत दर्जनों छात्रों ने तत्काल पंजीकरण के लिए फॉर्म भर दिए!