बदायूँ। आज गिन्दो देवी महिला महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना के सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन का आयोजन उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर सरला चक्रवर्ती के संरक्षण में किया गया। आज के शिविर की मुख्य थीम “विधिक साक्षरता” रही। मुख्य वक्ता के रूप में एडवोकेट स्वाति गुप्ता को आमंत्रित किया गया। उन्होंने छात्राओं को विधिक साक्षरता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अपने व्याख्यान में उन्होंने छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों तथा विभिन्न परिस्थितियों में स्वयं को कानूनी रूप से सुरक्षित रखने के उपायों के विषय में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि जागरूकता ही सशक्तिकरण की पहली सीढ़ी है और प्रत्येक छात्रा को अपने अधिकारों की जानकारी होना आवश्यक है।शिविर में उपस्थित छात्राओं ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाते हुए विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्नों के माध्यम से जिज्ञासाएं भी व्यक्त की। कार्यक्रम के अंतर्गत स्वयंसेविकाओं द्वारा क्षेत्र में सर्वेक्षण कार्य भी किया गया। उन्होंने मतदाता जागरूकता से संबंधित सर्वे (मतदाता मतदान सर्वे) प्रस्तुत किया तथा लोगों को उनके मतदान के अधिकार एवं मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया। स्वयंसेविकाओं ने आसपास की महिलाओं को भी उनके कानूनी अधिकारों के विषय में जानकारी दी और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम का कुशल संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सुश्री अवनिशा वर्मा एवं डॉ. प्रीति वर्मा के निर्देशन में संपन्न हुआ।