बरेली। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जनपद बरेली के तत्वावधान में सरस्वती विद्या मंदिर, ब्रजलोक कॉलोनी में जिला अध्यक्ष प्रियंका शुक्ला की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं अवशेष एरिया, चयन वेतनमान, तथा गैर-शैक्षणिक कार्यों के कारण विद्यालयों में शिक्षकों की कमी पर विस्तार से चर्चा हुई। समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी और लेखाधिकारी से वार्ता की रणनीति भी बनाई गई। संगठन को मजबूत बनाने के उद्देश्य से ब्लॉक रामनगर की टीम का पुनर्गठन किया गया, जिसमें त्रिभुवन सिंह को अध्यक्ष, विपिन कुमार को महामंत्री और भानु प्रताप सिंह चौहान को संगठन मंत्री सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया। इसी क्रम में ब्लॉक भोजीपुरा से अमित कुमार तथा ब्लॉक आलमपुर जाफराबाद से विनय कुमार शर्मा को संगठन मंत्री बनाया गया। जिला संगठन मंत्री सत्यार्थ पाराशरी ने नवमनोनीत पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई, जबकि जिला महामंत्री सुनील कुमार शर्मा ने सभी को शुभकामनाएं दीं। बैठक में कई जिला व ब्लॉक पदाधिकारी तथा सदस्य उपस्थित रहे।