बरेली। भगवान नरसिंह की ऐतिहासिक एवं भव्य शोभायात्रा 3 मार्च मंगलवार को पारंपरिक मार्ग से धूमधाम के साथ निकाली जाएगी। यह जानकारी प्रेसवार्ता के दौरान समिति अध्यक्ष पंडित विजय शर्मा (मन्नू महाराज) ने दी। उन्होंने बताया कि यह शोभायात्रा वर्ष 1952 में स्वर्गीय पंडित राम गोपाल द्वारा शुरू की गई थी और 74 वर्षों से लगातार श्रद्धा व उत्साह के साथ आयोजित होती आ रही है। उन्होंने कहा कि यह देश की दूसरी सबसे अनूठी और बड़ी भगवान नरसिंह शोभायात्रा मानी जाती है, जिसमें हर साल लाखों श्रद्धालु शामिल होते हैं। प्रशासन और कार्यकर्ताओं के सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाता है। यह शोभायात्रा चाहबाई से प्रारंभ होकर ज्ञान मेडिकल, बानखाना चौराहा, गौरी शंकर मंदिर, गुलाब नगर बजरिया, काली मंदिर, कोहाड़ापीर, दयानंद चौक, पुराना रोडवेज, बरेली कॉलेज गेट, कालीबाड़ी, श्यामगंज, साहू गोपीनाथ मार्ग व शिवाजी मार्ग होते हुए पुनः चाहबाई पर समाप्त होगी। समिति ने सभी भक्तों और हुरियारों से अधिकाधिक संख्या में शामिल होकर शोभायात्रा को सफल बनाने की अपील की है। प्रेस वार्ता में पंडित विजय शर्मा , अनुराग अग्रवाल , गोविंद पटवा आदि मौजूद रहे।