बरेली। भगवा-ए-हिन्द फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष नासिर सिद्दीकी ने रविवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में प्रेसवार्ता आयोजित कर शहर में कथित भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई। उन्होंने मीडिया से बातचीत में मौलाना तौकीर रज़ा के दामाद मोहसीन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसकी कथित आपराधिक गतिविधियों और जमीन कब्जाने से कई गरीब परिवार प्रभावित हुए हैं। सिद्दीकी ने दावा किया कि संगठन को विभिन्न लोगों से शिकायतें मिली हैं और मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की तो संगठन आगे लखनऊ और फिर नई दिल्ली में भी प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मुद्दा उठाएगा। उन्होंने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार से अपील की कि मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन को जांच के निर्देश दिए जाएं ताकि सत्य सामने आ सके और पीड़ितों को न्याय मिल सके। प्रेस वार्ता में हसनैन रज़ा अंजुम शेख , मुमताज सकलैनी आदि मौजूद रहे।