बदायूँ । बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी ने अवगत कराया है कि चकबन्दी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देशों के अनुपालन में जनपद बदायूँ में चकबन्दी प्रक्रियान्तर्गत ग्राम चौपालों का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि ग्रामवासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण एवं राजस्व/चकबन्दी संबंधी शिकायतों के समाधान के उद्देश्य से 23 से 28 फरवरी 2026 तक चयनित ग्रामों में ग्राम चौपाल आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार तहसील बिसौली के ग्राम सिरसोल पट्टी जसा में दिनांक 24 फरवरी 2026 को अपराह्न 3ः00 बजे पंचायत भवन पर ग्राम चौपाल आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में ग्राम पिण्डौल, तहसील बिसौली में दिनांक 25 फरवरी 2026 को अपराह्न 3ः00 बजे पंचायत भवन पर ग्राम चौपाल का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम चौपालों में उप संचालक चकबन्दी, बन्दोबस्त अधिकारी चकबन्दी, चकबन्दी अधिकारी, चकबन्दीकर्ता एवं चकबन्दी लेखपाल उपस्थित रहेंगे तथा ग्रामीणों की शिकायतों एवं समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण सुनिश्चित करेंगे। उन्होने समस्त ग्रामवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर अपनी समस्याएं प्रस्तुत करें, जिससे उनका त्वरित एवं प्रभावी समाधान किया जा सके।