बरेली। छावनी परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. तनु जैन की गरिमामयी उपस्थिति में सदर बाजार क्षेत्र में सिंगल यूज़ प्लास्टिक प्रतिबंध को लेकर जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में सफाई अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी, सहायक सफाई निरीक्षक राजेश कुमार, स्वच्छ भारत मिशन टीम, आर.एन. टैगोर स्कूल के छात्र-छात्राएँ, सफाई मित्रों तथा स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का उद्देश्य दुकानदारों और आम लोगों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग बंद करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान स्कूली बच्चों ने प्रभावशाली नारे, आकर्षक चित्र और “प्लास्टिक के दानव” की रचनात्मक प्रस्तुति देकर लोगों का ध्यान आकर्षित किया और प्लास्टिक के दुष्प्रभावों का संदेश दिया, जिसकी सभी ने सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनका उत्साह बढ़ा और स्वच्छता अभियान को नई ऊर्जा मिली। आयोजन को स्वच्छ, स्वस्थ और प्लास्टिक-मुक्त वातावरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना गया।