बरेली। भोजीपुरा टोल कर्मियों द्वारा हवाई अड्डा गेट स्थित दुग्ध डेयरी किसानों को हटाने की कार्रवाई के विरोध में किसान एकता संघ के राष्ट्रीय संगठन मंत्री डॉ. रवि नागर के नेतृत्व में किसानों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। डॉ. रवि नागर ने आरोप लगाया कि टोल प्लाजा कर्मचारी अतिक्रमण के नाम पर आए दिन जेसीबी लेकर पहुंच जाते हैं और डेयरियां हटाने का दबाव बनाते हैं, जबकि भैंसे सड़क से दूर गड्ढे में बंधी हैं और यातायात में कोई बाधा नहीं होती। उन्होंने कहा कि 7 फरवरी को भी कर्मचारियों ने जबरन खुदाई की कोशिश की। किसानों का कहना है कि सड़क किनारे अन्य दुकानों और ठेलों पर कार्रवाई नहीं होती, जबकि गरीब डेयरी किसानों को ही निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई और गरीब किसानों पर कार्रवाई रोकने की मांग की है।