बरेली। थाना इज्जतनगर क्षेत्र के ग्राम कलारी में प्रेम विवाह को लेकर तनाव का मामला सामने आया है। गांव निवासी शिवम कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि उसके भाई सतीश कुमार ने गांव की ही युवती रोशनी मौर्य से प्रेम विवाह किया था, जिससे युवती के परिजन नाराज चल रहे हैं। आरोप है कि विवाह के बाद से ही शिकायतकर्ता के परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही हैं और गाली-गलौज कर डराने की कोशिश की जा रही है। शिकायत के अनुसार 17 फरवरी की सुबह करीब आठ बजे कई लोग लाठी-डंडे, धारदार हथियार और तमंचे लेकर उनके घर में घुस आए, हंगामा किया और परिवार को गांव छोड़ने की धमकी दी। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की तथा जान से मारने की चेतावनी दी। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी भविष्य में अंजाम भुगतने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित पक्ष का कहना है कि गांव में उनकी आबादी कम होने के कारण वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस से रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।