बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र के नाग पंचमी मेला ग्राउंड निवासी राजू ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। राजू के अनुसार 5 फरवरी को वह काम पर गया था, तभी उसकी पत्नी रजनी घर का सारा सामान टैम्पू में भरकर बिना बताए संजयनगर स्थित अपने नव निर्मित मकान में चली गई। शाम को घर लौटने पर उसे घटना की जानकारी हुई। पड़ोसियों ने बताया कि वह सुबह करीब 11–12 बजे सामान ले गई। राजू श्यामगंज बाजार में पल्लेदारी कर परिवार का भरण-पोषण करता है। उसका आरोप है कि पत्नी फोन भी नहीं उठा रही और तीन वर्षीय बेटी राधा से भी बात नहीं करने दे रही। राजू ने यह भी कहा कि पत्नी पहले भी कई बार घर छोड़ चुकी है और मानसिक रूप से प्रताड़ित करती है। उसने पुलिस से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।