बरेली। ईपीएस-95 राष्ट्रीय संघर्ष समिति की बैठक पुराने रोडवेज बस स्टैंड परिसर में पूर्व मंडल अध्यक्ष ए.के. अरोड़ा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में प्रांतीय उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद लोधी विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में रोडवेज, शुगर मिल तथा अन्य विभागों के लगभग 60 पेंशनर्स शामिल हुए और संगठनात्मक मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। सुरेंद्र शर्मा ने सभी पेंशनर्स का आभार व्यक्त करते हुए 9, 10 व 11 मार्च को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आग्रह किया। वेदपाल सिंह ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व को स्पष्ट और ठोस रणनीति अपनानी होगी, जबकि एस.के. भारती ने पेंशनर्स से एकजुटता बनाए रखने की अपील की। महेश अग्रवाल ने आर्थिक रूप से कमजोर साथियों की मदद की घोषणा करते हुए कहा कि वे ऐसे 8-10 पेंशनर्स को अपने साथ दिल्ली ले जाने का प्रयास करेंगे। अशोक मिश्रा ने आंदोलन की रणनीति पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए सभी को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। प्रांतीय उपाध्यक्ष गंगा प्रसाद लोधी ने वर्तमान प्रक्रिया, प्रशासनिक स्तर पर चल रही कार्यवाही और आंदोलन की रूपरेखा पर जानकारी देते हुए दिल्ली कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। अध्यक्ष ए.के. अरोड़ा ने पिछले दस वर्षों से चल रहे आंदोलनों का उल्लेख करते हुए इसे “अंतिम विजय संकल्प अभियान” बताया और अधिकतम भागीदारी की अपील की। कार्यक्रम का संचालन जे.पी. महरोत्रा ने किया। बैठक के दौरान समय-समय पर नारेबाजी से माहौल उत्साहपूर्ण बना रहा और अंत में सभा सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।