मुमुक्षु महोत्सव की तैयारियों को लेकर हुई बैठक
शाहजहांपुर। स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज में आगामी 24 फरवरी से आयोजित होने वाले मुमुक्षु महोत्सव की तैयारियों को लेकर एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक मुमुक्षु शिक्षा संकुल के मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती की अध्यक्षता में आयोजित हुई। ज्ञात हो कि वर्ष 2026 का मुमुक्षु महोत्सव 24 फरवरी से आरम्भ होकर 2 मार्च तक चलेगा। श्रीराम ध्वज यात्रा के साथ आरंभ होने वाले इस महोत्सव में प्रतिदिन अपरान्ह 2 बजे से 5 बजे तक भक्तों को श्रीराम कथा के श्रवण का सौभाग्य प्राप्त होगा। कथाव्यास के रूप में पूज्य संत श्री विजय कौशल जी महाराज उपस्थित रहेंगे।

कार्यक्रम का समापन 2 मार्च को आयोजित होने वाली भजन संध्या के साथ होगा। चूंकि महाविद्यालय के विश्वविद्यालय में उच्चीकरण के उपरांत यह प्रथम भव्य आयोजन है, लिहाजा पूरे शिक्षा संकुल में एक अदभुत उत्साह एवं प्रसन्नता व्याप्त है। कॉलेज के उपप्राचार्य प्रो अनुराग अग्रवाल के संयोजन में आयोजित इस बैठक में महोत्सव से संबंधित विभिन्न समितियों जैसे- आमंत्रण समिति, प्रचार प्रसार समिति, आंतरिक साजसज्जा समिति, मीडिया समिति, यातायात समिति आदि के दायित्वों के साथ साथ प्रत्येक समिति में सदस्यों के मध्य कार्य वितरण पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर पूज्य स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि गत वर्षों की भांति इस बार भी आस्था एवं श्रद्धा के प्रतीक मुमुक्षु महोत्सव का आयोजन पूर्ण समर्पण के साथ किया जाएगा। संकुल के प्रत्येक सदस्य की प्रतिबद्धता ही इस भव्य आयोजन की सफलता को सुनिश्चित करती है।
बैठक में कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव प्रो अवनीश मिश्र, प्राचार्य प्रो आर के आजाद, डॉ जयशंकर ओझा, प्रो आलोक मिश्र, प्रो मीना शर्मा, प्रो प्रभात शुक्ला, प्रो आदित्य कुमार सिंह, प्रो अजीत सिंह चारग, प्रो देवेंद्र सिंह, प्रो कमलेश गौतम, डॉ आलोक कुमार सिंह, डॉ शिशिर शुक्ला, डॉ संदीप अवस्थी, सुयश सिन्हा, डॉ पवन गुप्ता, शिवओम शर्मा आदि मौजूद रहे।













































































