भाजपा कार्यालय में केंद्रीय बजट पर ‘बजट चौपाल’, आत्मनिर्भर भारत पर जोर
बरेली। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर आज कैंट विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय बजट 2026-27 को लेकर बजट चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कैंट विधायक एवं मुख्य वक्ता संजीव अग्रवाल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में बरेली सांसद छत्रपाल गंगवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के साथ हुई। मंच संचालन महानगर उपाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक देवेन्द्र जोशी ने किया।
बजट चौपाल को संबोधित करते हुए विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि आत्मनिर्भरता केंद्र सरकार की आर्थिक रणनीति का मूल आधार है और केंद्रीय बजट में घरेलू मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा देने पर विशेष फोकस किया गया है। उन्होंने इसे देश की अर्थव्यवस्था के लिए ‘गोल्डीलॉक्स मोमेंट’ बताया, जब विकास दर मजबूत है और महंगाई नियंत्रित स्तर पर है। बजट में शिक्षा से रोजगार और उद्यमिता को जोड़ने के लिए उच्च स्तरीय स्थायी समिति के गठन की घोषणा की गई है, जो 2047 तक वैश्विक सेवा बाजार में 10 प्रतिशत हिस्सेदारी के लक्ष्य के अनुरूप युवाओं को तैयार करेगी। आईटी, फिनटेक, लॉजिस्टिक्स, हेल्थकेयर, पर्यटन और क्रिएटिव सर्विसेज को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि कैंसर की 17 दवाओं पर बेसिक कस्टम ड्यूटी समाप्त की गई है, वहीं सात दुर्लभ बीमारियों की आयातित दवाओं पर भी शुल्क हटाया गया है। इसके अतिरिक्त इलेक्ट्रिक व्हीकल, सोलर पैनल और ग्रीन एनर्जी उपकरणों पर ड्यूटी में कटौती की गई है।
सांसद छत्रपाल गंगवार ने कहा कि यह बजट आर्थिक विकास को गति देने, नागरिकों की क्षमता निर्माण और ‘सबका साथ, सबका विकास’ की भावना से प्रेरित है। इसका उद्देश्य प्रत्येक किसान, अनुसूचित जाति-जनजाति, युवा, निर्धन और महिलाओं तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार सृजन, उत्पादकता वृद्धि और प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के लिए निरंतर आर्थिक सुधारों को आगे बढ़ा रही है।
कार्यक्रम में देवेन्द्र जोशी, शोभित सक्सैना, नवीन अग्रवाल, अनिल गुप्ता, सुदेश अग्रवाल, अमरजीत सिंह बक्शी, नीलेश अग्रवाल, अरुण कश्यप, अजय प्रताप सिंह, डॉ. विनोद पागरानी, तृप्ति गुप्ता, नीलम जेठा, जयदीप चौधरी, मोहित तिवारी, नरेंद्र मौर्य, कन्हैया राजपूत, सोनू कालरा, रूपेंद्र पटेल, राजकिशोर कश्यप, योगेश बंटी सहित बड़ी संख्या में व्यापारी व संगठन पदाधिकारी उपस्थित ।













































































