बरेली। महाशिवरात्रि पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक ने एडीएम सिटी सौरभ दुबे के साथ संयुक्त रूप से शहर के प्रमुख मंदिरों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसरों और आसपास की व्यवस्थाओं को परखा गया। अधिकारियों ने सुरक्षा इंतजाम, यातायात प्रबंधन, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए पर्व के दौरान समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। पुलिस अधीक्षक नगर ने स्पष्ट किया कि महाशिवरात्रि पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से भीड़ नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और सुचारु यातायात संचालन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। बरेली पुलिस एवं प्रशासन द्वारा महाशिवरात्रि पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित रूप से सम्पन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।