बरेली। शहर के पुराने रोडवेज क्षेत्र स्थित कमल ऑप्टिकल्स के पास मार्केट में बिजली विभाग की भारी लापरवाही सामने आई है। गौतम रेडियो की दुकान के पास जर्जर दीवार से एंगल के सहारे लटका बिजली का बॉक्स कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। स्थिति इतनी खतरनाक है कि आसपास के दुकानदारों ने एहतियातन अपनी दुकानें बंद कर दी हैं। गौतम रेडियो के दुकान मालिक सचिन गौतम ने बताया कि दीवार पूरी तरह कमजोर हो चुकी है और उसी से बिजली का बॉक्स टिका हुआ है। हल्की हवा या कंपन से भी यह गिर सकता है। यदि ऐसा हुआ तो किसी राहगीर या दुकानदार की जान को गंभीर खतरा हो सकता है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि इस समस्या को लेकर बिजली विभाग में कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। विभागीय उदासीनता के चलते व्यापारियों में रोष व्याप्त है। मार्केट में स्थित खंडेलवाल इलेक्ट्रॉनिक्स, गुप्ता लाइट ,चंदा रेडियो सुधीर शर्मा , मोहम्मद फैजी सहित अन्य दुकानों के संचालकों ने भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि रोजाना सैकड़ों लोग यहां से गुजरते हैं, ऐसे में यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और बिजली विभाग से मांग की है कि तत्काल मौके का निरीक्षण कर बिजली के बॉक्स को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट किया जाए और जर्जर दीवार को गिराया जाए, ताकि किसी अनहोनी से पहले जरूरी कदम उठाए जा सकें।