बरेली। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल ने कहा कि लोकतंत्र की रक्षा पार्टी की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी मतदाता के अधिकार के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। वे एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बरेली सर्किट हाउस पहुंचे थे। रात्रि विश्राम के बाद उन्होंने जिला व महानगर स्तर के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर एस.आई.आर. में फॉर्म-7 से जुड़ी स्थिति की जानकारी ली। प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशानुसार सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ स्तर पर फॉर्म-7 की गंभीरता से जांच करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि कितने मतदाताओं के नाम काटे गए हैं और यदि किसी का नाम गलत तरीके से हटाया गया है तो उसकी लिखित सूचना जिला कार्यालय को दी जाए। इस अवसर पर प्रदेश महासचिव एवं विधायक अता उर रहमान, महानगर अध्यक्ष शमीम ख़ाँ सुल्तानी सहित अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद प्रदेश अध्यक्ष लखनऊ रवाना हो गए।