बरेली । फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र के ग्राम थानपुर में बुधवार को लाइट के शॉर्ट सर्किट से एक बंद घर में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आकर घर में रखा सारा घरेलू सामान, जरूरी दस्तावेज और कीमती सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है। मिली जानकारी के अनुसार रेलवे विभाग में ट्रेन मैनेजर के पद पर बरेली में तैनात रामलखन पुत्र बाबूराम बुधवार को अपनी पत्नी सरोज के साथ शॉपिंग के लिए घर बंद कर बरेली गए हुए थे। इसी दौरान दोपहर में घर में अचानक शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। घर बंद होने के कारण आग की जानकारी देर से हो सकी, जिससे आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। ग्रामीणों की सूचना पर दंपति मौके पर पहुंचे और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक फ्रिज, वॉशिंग मशीन, एसी, टीवी, फर्नीचर, आभूषण और सभी महत्वपूर्ण दस्तावेज जल चुके थे। पीड़ित ने थाना फतेहगंज पश्चिमी में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले को तस्दीक इत्तफाकिया में दर्ज कर लिया है। गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।