बरेली। आशुतोष सिटी निवासी युवा पर्यावरण कार्यकर्ता मोहित शर्मा और अशरफ अली को दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित समारोह में ग्रीन यूथ आइकॉन अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। दोनों का चयन विश्व पर्यावरण परिषद द्वारा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए गए अनुकरणीय कार्यों के लिए किया गया। मोहित शर्मा पिछले कई वर्षों से पर्यावरण और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। वे अब तक 60 से अधिक पर्यावरणीय कार्यक्रमों का नेतृत्व कर चुके हैं तथा आठ वर्षों में लगभग सात हजार वृक्षों का रोपण करा चुके हैं। प्लास्टिक मुक्त अभियान, इको ब्रिक निर्माण, कपड़े के थैलों का वितरण, जागरूकता रैली और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से वे समाज को जागरूक कर रहे हैं। वर्तमान में वे नगर निगम बरेली के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर भी हैं। अशरफ अली ने भी स्कूलों व कॉलेजों में व्यापक वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियानों के जरिए पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए पर्यावरणविदों और गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।