कड़कती ठंड में भी श्रद्धा का सैलाब, बरेली में भव्य रूप से मना श्री गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश पर्व
बरेली। सिक्खों के दसवें गुरु, साहिब श्री गुरु गोविंद सिंह जी का पावन प्रकाश पर्व शनिवार को बरेली कॉलेज के हॉकी ग्राउंड में सेंट्रल गुरुपर्व कमेटी द्वारा बरेली की समस्त गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों के सहयोग से श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया।

सुबह गुरुद्वारा चौकी चौराहा से कीर्तन करते हुए श्री गुरु ग्रंथ साहिब को पंडाल स्थान तक ले जाया गया इसके उपरांत मनप्रीत कौर के साथ सवैया गुरबाणी ग्रुप के बच्चों द्वारा भट्ट साहिबान की वाणी उच्चारण करते हुए गुरु साहब को पालकी साहिब पर सुशोभित किया गया और दीवान की शुरुआत हुई। कड़कती ठंड के बावजूद सुबह से ही संगत का आना-जाना शुरू हो गया और देर शाम तक पूरा मैदान गुरु भक्ति के रंग में रंगा रहा। छोटे-छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, बड़ी संख्या में श्रद्धालु परिवार सहित कार्यक्रम में पहुंचे और गुरु महाराज की खुशियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम में देश-विदेश से आए विश्व प्रसिद्ध भाई बलबीर सिंह जी, हजूरी रागी जत्था श्री दरबार साहिब, अमृतसर, भाई जसपाल सिंह जी एवं भाई दलजीत सिंह जी गुलाब (हल्द्वानी वाले) द्वारा दिव्य कीर्तन प्रस्तुत किया गया। कीर्तन के दौरान पूरा पंडाल “जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल” के जयकारों से गूंज उठा। रागी जत्थों ने गुरु गोविंद सिंह जी के जीवन, त्याग और खालसा पंथ की स्थापना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए संगत को गुरु के बताए मार्ग पर चलने का संदेश दिया। विश्व विख्यात सिख इतिहासकार डॉ. सुखप्रीत सिंह जी उधोके संगतों को गुरु इतिहास का श्रवण कराया। इस अवसर पर कई राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक हस्तियों ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष माथा टेका और आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम के दौरान गुरु का अटूट लंगर भी आयोजित किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। पंडाल में कॉफी, पिज्जा, चाय, मैगी, सूप व पकौड़ो के स्टाल भी लगाए गए वहीं धर्म प्रचार के लिए माता भाग कौर ग्रुप द्वारा प्रश्न उत्तर व अन्य खेल स्टाल व पगड़ी बंधवाने का स्टाल लगाया वहीं सिक्ख मशीनरी कॉलेज द्वारा धर्म पुस्तक स्टाल भी लगाया गया। कार्यक्रम में परमजीत सिंह ओबेरॉय, हरप्रीत सिंह, दलवीर सिंह, देवेंद्र सिंह, सतवंत सिंह, हरमीत सिंह कपूर, सुरेंद्र सिंह दुआ, प्रो. भूपेंद्र सिंह, परमजीत सिंह दुआ, देवेंद्र सिंह चन्नी, मंजीत सिंह नागपाल, रणजीत सिंह बग्गा, परमजीत सिंह जोहार, साहिब सिंह, महेंद्र सिंह, रमींदर सिंह सोनी वीर, रविंद्र सिंह कालरा, गुरमीत सिंह, सिख मिशनरी कॉलेज के जोनल ऑर्गेनाइज़र मनमीत सिंह, गुरमीत सिंह मनचंदा, हरप्रीत सिंह बिंद्रा सहित शहर की विभिन्न कमेटियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।













































































