बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न से जुड़ी विवाहिता शिवानी शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में मृतका का पति सोनू उर्फ ब्रज किशोर शर्मा और ससुर राजेन्द्र प्रसाद शर्मा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार 22 दिसंबर को सूचना मिली थी कि डोहरा गौटिया कुसुमनगर निवासी शिवानी शर्मा (26) ने अपने घर में फांसी लगा ली है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से उतरा हुआ पाया, जबकि ससुराल पक्ष के लोग घर से फरार थे। मृतका के पिता मुनीश शर्मा की तहरीर पर थाना बारादरी में पति, ससुर, जेठ-जेठानी और ननद समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ दहेज हत्या और दहेज उत्पीड़न की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पोस्टमार्टम वीडियोग्राफी के साथ कराया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पति और ससुर को सुरेश शर्मा नगर चौराहे से गिरफ्तार किया। पूछताछ में पति ने घरेलू विवाद और एलईडी टीवी को लेकर हुए झगड़े की बात स्वीकार की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।