अलीगढ़। दिल्ली से मैनपुरी जा रहे एक परिवार के लिए 21 अक्तूबर की सुबह काल बन गई। बाइक पर सवार पति-पत्नी और उनके दो बच्चे फर्रुखाबाद डिपो की तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर का शिकार हो गए। हादसे में बाइक सवार पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके दोनों बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, मैनपुरी के थाना बिछवां के गांव बबीना निवासी 35 वर्षीय विक्रम सिंह दिल्ली में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम करते थे। सुबह करीब 10 बजे पत्नी निशा (30) और दो बच्चों के साथ वह बाइक से अपने घर मैनपुरी जा रहे थे। थाना रोरावर क्षेत्र के बाईपास पर तेज रफ्तार रोडवेज बस ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे के बाद बस चालक बस छोड़कर फरार हो गया। घायल बच्चों को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। मृतक विक्रम और निशा के शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया। सीओ प्रथम मयंक पाठक ने बताया कि हादसे की सूचना पर परिजनों को दे दी गई है, जो अलीगढ़ की ओर आ रहे हैं। रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया गया है और चालक की तलाश जारी है। स्थानीय पुलिस ने तहरीर के आधार पर अग्रिम कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके पर फिलहाल शांति है और घायल बच्चों का उपचार जारी है।