शिक्षकों की सेवा-सुरक्षा खतरे में, राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ ने लगाई प्रधानमंत्री से गुहार
बरेली। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के आह्वान पर सोमवार को जिला अध्यक्ष प्रियंका शुक्ला के नेतृत्व में जिला इकाई बरेली के बैनर तले बड़ी संख्या में शिक्षक जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे, जिलाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला के नेतृत्व में शिक्षकों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि माननीय सर्वोच्च न्यायालय के 1 सितम्बर 2025 के आदेश संख्या 1385/2025 के तहत सभी सेवारत शिक्षकों को टीईटी पास करना अनिवार्य कर दिया गया है। इस आदेश का असर उन शिक्षकों पर भी पड़ रहा है जिन्हें नियुक्ति के समय नियमों के अनुसार छूट प्राप्त थी। निर्णय से देशभर के लगभग 20 लाख शिक्षक असुरक्षा और असमंजस की स्थिति में हैं। जिलाध्यक्ष प्रियंका शुक्ला ने कहा कि यह आदेश 15-20 वर्षों से सेवा कर रहे शिक्षकों की आजीविका पर सीधा संकट है। इसे केवल भावी नियुक्तियों पर लागू किया जाना चाहिए। महामंत्री सुनील कुमार शर्मा ने कहा कि जिन्होंने शिक्षा सेवा में अपना जीवन समर्पित कर दिया, उनकी नौकरी और परिवार अब खतरे में हैं। जिला संगठन मंत्री सत्यार्थ पराशरी ने कहा कि वरिष्ठ शिक्षकों के मार्गदर्शन से ही प्रदेश के विद्यालय “निपुण भारत लक्ष्य” तक पहुंचे हैं, ऐसे शिक्षकों पर नई शर्तें थोपना न्यायोचित नहीं है। कोषाध्यक्ष परिक्षित गंगवार ने कहा कि यह मुद्दा केवल कानूनी नहीं बल्कि सामाजिक और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा हुआ है। हम मांग करते हैं कि सर्वोच्च न्यायालय का आदेश केवल भावी नियुक्तियों पर लागू किया जाए , 23 अगस्त 2010 से पूर्व एवं बाद में नियुक्त योग्य शिक्षकों की सेवा-सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। संसद या अध्यादेश के माध्यम से आवश्यक विधायी कदम उठाकर लाखों शिक्षकों की नौकरी और आजीविका सुरक्षित की जाए।
राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश ने प्रधानमंत्री से शीघ्र हस्तक्षेप कर न्यायोचित समाधान सुनिश्चित करने की अपील की और स्पष्ट किया कि संगठन शिक्षकों की सेवा-सुरक्षा व सम्मान पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगा। कार्यक्रम में जिला संरक्षक होते लाल दीक्षित, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शरद दीक्षित, संयुक्त महामंत्री उषा देवी, महिला उपाध्यक्ष पारुल चंद्रा, जिला मंत्री डॉ. शिखा अग्रवाल, जिला उपाध्यक्ष शालिनी सक्सेना, सह संगठन मंत्री निमित पाठक सहित विभिन्न ब्लॉकों के अध्यक्ष व बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।













































































