बरेली। बिहारीपुर क्षेत्र निवासी स्मिता रस्तोगी ने चौकी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके नाबालिग भाई को जबरन घर से उठाकर चौकी ले जाया गया और वहां उसके साथ मारपीट की गई। मामले को लेकर उन्होंने एसएसपी से लिखित शिकायत की है। शिकायतकर्ता स्मिता रस्तोगी ने बताया कि उनके पिता का मकान निर्माणाधीन है, जिसमें गैलरी को लेकर पड़ोसी शिवम रस्तोगी से विवाद न्यायालय में विचाराधीन है। इसी विवाद को लेकर 12 जून 2025 को शिवम रस्तोगी बिहारीपुर चौकी इंचार्ज योगेन्द्र सिंह व सिपाही हरिपाल सिंह के साथ मौके पर पहुंचा और उनके 17 वर्षीय नाबालिग भाई हर्षित रस्तोगी को बिना किसी आदेश के जबरन घर से उठा ले गया। चौकी ले जाकर उसका मोबाइल छीन लिया गया और मारपीट की गई। स्मिता का आरोप है कि जब वह चौकी पहुंची और इस बारे में पूछताछ की, तो पुलिसकर्मियों ने उनके साथ भी बदसलूकी की और मोबाइल छीनने का प्रयास किया। उन्होंने पूरी घटना का वीडियो साक्ष्य होने का दावा करते हुए बताया कि इसकी शिकायत उन्होंने जनसुनवाई पोर्टल पर भी की, लेकिन कोतवाली प्रभारी ने शिकायत लेने से इनकार कर दिया और धमकी दी कि यदि कहीं और शिकायत की तो उन्हें, उनके पति और नाबालिग भाई को झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेज दिया जाएगा। पीड़िता ने मामले में निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।