बरेली। सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की राष्ट्रीय वयोश्री योजना एवं एडीआईपी योजना के अंतर्गत निःशुल्क सहायक उपकरण वितरण शिविर का आयोजन राजकीय इंटर कॉलेज ऑडिटोरियम में किया गया। कार्यक्रम का आयोजन भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एलिम्को), कानपुर द्वारा जिला प्रशासन बरेली के सहयोग से किया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि केन्द्रीय राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने किया। उनके साथ उत्तर प्रदेश सरकार के दिव्यांगजन सशक्तिकरण मंत्री नरेंद्र कश्यप, सांसद छत्रपाल गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, विधायक राघवेंद्र शर्मा, डीसी वर्मा, संजीव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल तथा जिलाधिकारी अविनाश सिंह , एडीएम सिटी समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। इस योजना के तहत, बरेली जनपद में दिसंबर 2024 में आयोजित परीक्षण शिविरों में 2739 वरिष्ठ नागरिकों तथा अप्रैल 2025 में तीन आकांक्षी ब्लॉकों में आयोजित शिविरों में 73 दिव्यांगजनों को चिन्हित किया गया था। कुल 2812 लाभार्थियों को लगभग 2.26 करोड़ रुपये मूल्य के सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए जाएंगे। मंगलवार को आयोजित कार्यक्रम में कुल 377 लाभार्थियों को उनके आवश्यक सहायक उपकरण प्रदान किए गए। यह पहल दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे वे समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें।