बदायूं। बदायूँ उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल बदायूँ के जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने बर्चुअल मीटिंग कर लॉकडाउन के दौरान बिजली विभाग द्वारा वाणिज्य बिलो में एल.एम.वी 2 मिनिमम चार्ज समाप्त किए जाने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री उप्र को ई-मेल द्वारा मांगपत्र भेजा है। मुख्यमंत्री को सम्बोधित मांग पत्र में बताया गया है कि विद्युत विभाग द्वारा व्यापारियों की दुकानों के बिलों में मिनिमम चार्ज जोड़कर भुगतान प्राप्त किया जाता है, कोरोना महामारी की वजह से लॉकडाउन के कारण बाजार बंद हैं, इसलिए बिजली बिलों में मिनिमम चार्ज लगाना उचित नहीं है। अतः बिजली बिलो में लगने वाले मिनिमम चार्ज को समाप्त किया जाये। इसके अलावा विद्युत विभाग द्वारा बिल न जमा करने पर बिजली काटे जाने के एसएमएस भेजे जा रहे हैं, लॉकडाउन के कारण व्यापारी बिल जमा करने में असमर्थ है, ऐसे में बिल न जमा होने पर बिजली काटने पर रोक लगाई जाये। वहीं व्यापारियों के बकाया बिलों में ब्याज व अधिभार समाप्त किया जाए।जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री अतिशीघ्र ही उपरोक्त समस्याओं का निदान करें, जिससे कि व्यापारियों को कुछ राहत मिल सकें। बर्चुअल मीटिंग मे जिलाध्यक्ष अरविंद गुप्ता,जिला संयोजक महेंद्र पाल सिंह, जिलामहामंत्री प्रदीप कुमार शर्मा, युवा जिलाध्यक्ष उज्ज्वल गुप्ता,आदि मौजूद रहे।