वाटर वुमन शिप्रा पाठक की राम जानकी वन गमन पद यात्रा में सिन्नर पहुंचे केंद्रीय सहकारिता पूर्वोत्तर राज्यमंत्री बीएल वर्मा
मुंबई। देश में वाटर वूमन के नाम से विख्यात शिप्रा पाठक द्वारा अयोध्या से रामेश्वरम तक तय की जाने वाली राम जानकी वन गमन पद यात्रा में केंद्रीय सहकारिता एवम पूर्वोत्तर राज्य मंत्री बीएल वर्मा ने महाराष्ट्र राज्य के सिन्नर नगर पहुंचकर भाग लिया। केंद्रीय राज्य मंत्री ने पदयात्रा में भाग लेते हुए वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आज भारत के अध्यात्म की पूरे विश्व में सराहना की जा रही है ।इसका श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जाता है।उन्होंने कहा शिप्रा पाठक जैसे रामभक्त अयोध्या से रामेश्वरम तक पद यात्रा करने निकल गए हैं क्योंकि आज देश में भयमुक्त वातावरण है।उन्होंने वाटर वूमन के कठिन तप की सराहना करते हुए कहा आज की पीढ़ी को भगवान राम जानकी के आदर्शों को आत्मसात करना चाहिए।उन्होंने शिप्रा पाठक की संस्था के पर्यावरण के प्रति किए जा रहे नदी संरक्षण के कार्यों की भी सराहना की।

वाटर वूमन शिप्रा ने केंद्रीय राज्य मंत्री का उनकी पद यात्रा में आगमन पर आभार जताते हुए कहा कि महाराष्ट्र महाराज छत्रपति वीर शिवाजी की पावन कर्मस्थली पर मिले स्नेह से मन अभिभूत है। उन्होंने कहा राम जानकी वन गमन पद यात्रा का उद्देश्य भगवान राम की संकल्प शक्ति का प्रसार करने के अलावा रास्ते में पड़ने वाले विभिन्न मार्गों पर पौधारोपण की योजना बनाना भी है।उन्होंने कहा राम वन गमन पथ पर आप सभी के सहयोग से राम जानकी वन वाटिका लगाई जाएगी जिससे आने वाले समय उसमें लगने वाली आज की विलुप्त होती हुई औषधियों को संरक्षित किया जायेगा।

उन्होंने कहा आने वाली पीढ़ी को हम हरा भरा भारत बनाने का संदेश देते रहें जिससे हमारी नदियां,पहाड़,वन सुरक्षित रह सकें।उन्होंने पद यात्रा में उपस्थित महिलाओं की बड़ी संख्या पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा आप जैसे लोग ही राम जानकी के संकल्प का प्रसार आने वाली पीढ़ी में करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मातृ शक्तियों के अलावा पंचतत्व संस्था के सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।













































































