मदर एथीना स्कूल में भारतीय गणितज्ञ ‘श्रीनिवास रामानुजम’ के जन्मदिवस पर ‘मैथ्स क्विज’ हुई
बदायूँ। मदर एथीना स्कूल में आज भारत के महान गणितज्ञ ‘श्रीनिवास रामानुजम’ के जन्म दिवस के अवसर पर कक्षा-9 से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए ‘मैथ्स क्विज’ का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता दो चरणों में विभाजित की गई जिसके प्रथम चरण में कक्षाओं में गणित की परीक्षा आयोजित कर सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अगले चरण की प्रतियोगिता के लिए चुना गया। जिसमें कक्षा-9 (अ) से दिव्यांश एवं वंशराज, कक्षा-9 (ब) से अर्पित, देवांग एवं रजत, कक्षा-9 (स) से अली रज़ा, कुशाग्र, अज़राक शारिक, कक्षा-11 (अ) से ओम, मान्या, मीनल, चौधरी हर्ष, अक्षत, कक्षा-11 (ब) से शुभ माहेश्वरी तथा कक्षा-11 (स) से मुस्कान अग्रवाल ने सर्वाधिक अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए दूसरे चरण में अपना स्थान सुनिश्चित किया। दूसरे चरण में प्रतिभागियों को चार टीमों क्रमशः ‘आर्यभट्ट’, ‘ब्रह्मगुप्त’, ‘शकंुतला देवी’ एवं ‘श्रीधराचार्य’, में विभाजित किया गया।

टीमों के नाम भी महान भारतीयों गणितज्ञों के नाम पर ही रखे गये। इस चरण में अलग-अलग स्तर पर प्रश्न पूछे गए जिसमें कि ‘ब्रह्मगुप्त’ और ‘शकंुतला देवी’ टीम द्वारा जोरदार प्रदर्शन किया गया और अंत में ‘ब्रह्मगुप्त’ टीम ने जीत अपने नाम दर्ज की जिसके विजयी प्रतिभागी चौधरी हर्ष, मुस्कान, अर्पित एवं देवांग रहे। इसके अलावा ‘शकुंतला देवी’ टीम द्वारा दूसरा स्थान प्राप्त किया गया। अंत में विद्यालय की निदेशिका चयनिका सारस्वत द्वारा विजयी प्रतिभागियों एवं दूसरा स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किए गए। इस प्रतियोगिता का आयोजन गणित के शिक्षकों पंकज सिंह, विपिन सक्सेना एवं राजवीर सिंह द्वारा किया गया।विद्यालय की निदेशिका चयनिका सारस्वत ने बताया कि भारत में एक से बढ़कर एक महान गणितज्ञ, दार्शनिक तथा विद्वान हुए हैं जिन्होंने भारत को विश्व गुरू बनने में अतुलनीय सहयोग दिया है। अतएव ऐसे महान व्यक्तित्वों से अभिप्रेरणा लेते हुए विद्यार्थियों को उनके जीवन को भी सफलता के सर्वोच्च शिखर को प्राप्त करने हेतु प्रेरित करना अत्यंत आवश्यक है।













































































