बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने विद्युत तार चोरी करने वाले दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 620 फीट चोरी का बिजली का तार, एक छोटा हाथी (पिकअप) वाहन, 9,700 रुपये नकद और एक वीवो मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी चोरी किए गए तारों को बेचने के लिए हल्द्वानी ले जा रहे थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि दोहना टोल की ओर से एक छोटा पिकअप वाहन में चोरी का विद्युत तार लेकर दो व्यक्ति हल्द्वानी की ओर जा रहे हैं। सूचना पर थाना भोजीपुरा पुलिस ने नैनीताल हाईवे स्थित अटापट्टी जनूबी मोड़ पर चेकिंग के दौरान सुबह करीब 3:45 बजे वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी में चोरी का तार, नकदी, मोबाइल और घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद होने पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद आसिफ उर्फ आशू और मोहम्मद जुनैद, निवासी कानूनगायन कस्सावन, थाना फरीदपुर, जनपद बरेली के रूप में हुई है।पूछताछ में दोनों ने विभिन्न स्थानों से विद्युत तार चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि कुछ तार पहले ही बेच चुके थे, जबकि शेष तार बेचने के लिए हल्द्वानी ले जा रहे थे। इस मामले में थाना भोजीपुरा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दोनों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।