एचपी इंटरनेशनल स्कूल में पीटीएम के साथ जूनियर स्टूडेंट काउंसिल चुनाव को मतदान हुआ
बदायूं। एचपी इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को अभिभावक-अध्यापक बैठक (पीटीएम) के साथ जूनियर स्टूडेंट काउंसिल चुनाव का आयोजन उत्साहपूर्ण एवं अनुशासित वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में एक ओर अभिभावकों ने अपने बच्चों की शैक्षणिक प्रगति, परीक्षा परिणाम, विषयवार प्रदर्शन एवं कक्षा में उनकी गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की, वहीं दूसरी ओर कक्षा 3 से 5 तक के नन्हे विद्यार्थियों ने मतदान कर लोकतंत्र की पहली पाठशाला का व्यावहारिक अनुभव हासिल किया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह, अनुशासन और लोकतांत्रिक माहौल देखने को मिला।पीटीएम के दौरान शिक्षकों ने अभिभावकों को विद्यार्थियों की उपलब्धियों, व्यवहार, सीखने की क्षमता तथा सुधार की संभावनाओं से अवगत कराया। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास, अनुशासन, आत्मविश्वास, अध्ययन शैली और सकारात्मक व्यक्तित्व निर्माण के लिए आवश्यक सुझाव भी दिए। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षक और अभिभावक के बीच बेहतर समन्वय ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। का सबसे आकर्षक केंद्र जूनियर स्टूडेंट काउंसिल चुनाव रहा। हेड बॉय एवं हेड गर्ल के चयन के लिए विद्यार्थियों ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया के तहत मतदान किया। विद्यालय में चुनाव प्रक्रिया को वास्तविक चुनाव की तरह व्यवस्थित ढंग से संचालित किया गया, जिससे बच्चों को मतदान, नेतृत्व, जिम्मेदारी, प्रतिनिधित्व और लोकतांत्रिक मूल्यों की व्यवहारिक जानकारी मिल सकी। मतदान के दौरान विद्यार्थियों में गजब का उत्साह दिखाई दिया और उन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने पसंदीदा उम्मीदवार के पक्ष में मताधिकार का प्रयोग किया।विद्यालय के प्रबंध निदेशक शिवम पटेल ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार, आत्मनिर्भर, संवेदनशील एवं नेतृत्व क्षमता से परिपूर्ण नागरिक बनाना है। उन्होंने कहा कि जूनियर स्टूडेंट काउंसिल जैसी गतिविधियां बच्चों के भीतर निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास और लोकतांत्रिक सोच का विकास करती हैं।विद्यालय की निदेशिका सेजल पटेल ने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और उसे सही दिशा देने के लिए कक्षा-कक्ष की पढ़ाई के साथ व्यावहारिक गतिविधियां भी अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि जिस आत्मविश्वास के साथ नन्हे विद्यार्थियों ने चुनाव प्रक्रिया में भाग लिया, वह उनके उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव का संकेत है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील साहनी ने पीटीएम एवं जूनियर स्टूडेंट काउंसिल चुनाव को विद्यार्थियों के शैक्षणिक और व्यक्तित्व विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि विद्यालय चाहता है कि उसके विद्यार्थी शिक्षा में उत्कृष्टता के साथ नेतृत्व, अनुशासन, टीम भावना और जिम्मेदारी के मूल्यों को भी आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि अभिभावकों की सक्रिय सहभागिता ने पूरे आयोजन को और अधिक सफल एवं प्रभावी बनाया।कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों और परीक्षा परिणामों तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों को जीवन की वास्तविक चुनौतियों के लिए तैयार करना भी उसका प्रमुख उद्देश्य है। पीटीएम और जूनियर स्टूडेंट काउंसिल चुनाव ने इस उद्देश्य को सार्थक रूप से प्रस्तुत करते हुए विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का कार्य किया।















































































