बरेली। सावन माह में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और यातायात व्यवस्था को देखते हुए जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने जिले के विद्यार्थियों के हित में महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। आदेश के अनुसार 3 अगस्त, 10 अगस्त, 17 अगस्त और 24 अगस्त सावन के चारों सोमवार को निर्धारित सरकारी एवं निजी शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों का अवकाश रहेगा। हालांकि शिक्षकों एवं कर्मचारियों को शासकीय कार्यों के लिए संस्थानों में उपस्थित होना होगा। जिलाधिकारी ने बताया कि रविवार रात से ही बड़ी संख्या में कांवड़िए बरेली के सातों नाथ मंदिरों में जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। सोमवार को जलाभिषेक के बाद श्रद्धालुओं की वापसी के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी यातायात दबाव और जाम की स्थिति बनती है। ऐसे में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। यह आदेश बरेली महानगर के सभी यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई एवं अन्य बोर्डों से संचालित सरकारी और निजी विद्यालयों पर लागू रहेगा। साथ ही दिल्ली रोड और बदायूं रोड के पांच किलोमीटर के दायरे में स्थित सभी महाविद्यालय, तकनीकी संस्थान, आईटीआई, पॉलिटेक्निक तथा अन्य शिक्षण संस्थान भी इसके दायरे में शामिल होंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चारों सोमवार विद्यार्थियों की कक्षाएं स्थगित रहेंगी, जबकि शिक्षण एवं गैर-शिक्षण स्टाफ नियमित रूप से उपस्थित रहेगा। वहीं यदि किसी विश्वविद्यालय, शिक्षा बोर्ड या आयोग की पूर्व निर्धारित परीक्षा इन तिथियों पर है, तो वह अपने तय कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जाएगी। सभी शिक्षण संस्थानों को आदेश का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।