बदायूं। गिंदो देवी महिला महाविद्यालय में भारत सरकार के ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के अंतर्गत रविवार को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन एवं ‘नशा मुक्त संकल्प’ कार्यक्रम का सामूहिक रूप से अवलोकन किया गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. इन्दु शर्मा की उपस्थिति में समस्त शिक्षकगण, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) तथा रेंजर्स की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस दौरान सभी उपस्थितजनों ने प्रधानमंत्री के प्रेरणादायी संदेश को ध्यानपूर्वक सुना तथा नशामुक्त भारत के निर्माण के लिए सामूहिक रूप से नशामुक्ति की शपथ ग्रहण की। प्राचार्या प्रो. इन्दु शर्मा ने छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहकर स्वस्थ, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी यदि नशे से दूर रहेगी तो देश का भविष्य और अधिक सशक्त एवं उज्ज्वल होगा। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र एवं समाज को नशामुक्त बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। सभी प्रतिभागियों ने इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने तथा समाज में नशे के प्रति जागरूकता फैलाने का संकल्प व्यक्त किया।