बाबा इन्टरनेशनल स्कूल में समर कैम्प की मौजमस्ती का आगाज
बिल्सी। बाबा इन्टरनेशनल स्कूल द्वारा 7 दिवसीय समर कैम्प का आयोजन किया गया जिसका शुभारंभ आचार्य संजीव रूप एवं विद्यालय डायरेक्टर एवं बिल्सी नगर पालिका निवर्तमान अध्यक्ष अनुज वार्ष्णेय, डायरेक्टर मेम साधना वार्ष्णेय एवं विद्यालय प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी, विद्यालय प्रशासक शिवम सक्सेना एवं प्रियम वार्ष्णेय द्वारा माँ सरस्वती के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। आचार्य संजीव रूप ने अपने प्रवचनों से संबोधित करते हुए योगाभ्यास कराया एवं उससे जुड़े महत्व पर प्रकाश डाला जीवन में योगाभ्यास के द्वारा ही स्वस्थ एवं आनंदित रहा जा सकता है। कैम्प में छात्रों को भाषायी कौशल के लिए रीडिंग एण्ड क्रिएटिव राइटिंग, कंप्यूटर कोडिंग शिक्षण, इंग्लिश स्पीकिंग स्किल्स एंड पर्सनेलिटी डेवलपमेंट, शारीरिक, मानसिक तथा रूचिपूर्ण विकास के लिए डांस एण्ड म्यूजिक, कल्चरल प्रोग्राम प्रेजेंटेशन, रचनात्मक कौशलों में अभिवृद्धि के लिए आर्ट एण्ड क्राफ्ट/पॉटरी में छात्र-छात्राएँ अति उत्साहित होकर एक से बढ़कर एक प्रतिस्पर्धा में प्रतिभाग ले रहे हैं।

छात्रों के सर्वांगीण विकास व भविष्य में खेलों में अपना करियर तलाशने वाले छात्रों के लिए शतरंज, योग, ताइक्वांडो, टेबल टेनिस, वॉली बॉल, हॉर्स राइडिंग, स्केटिंग, गन शूटिंग, बैडमिंटन, क्रिकेट आदि खेलों का बखूबी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस शिविर में बच्चे पूर्ण उत्साह व लगन से विभिन्न प्रशिक्षणों में भाग ले रहे हैं। समर कैम्प के आयोजन पर विद्यालय डायरेक्टर अनुज वार्ष्णेय ने कहा कि छात्र-छात्राएँ अपने जीवन में साहसी व स्वावलम्बी बन सकें तथा स्वयं व समाज के लिए एक सर्वोत्तम नागरिक बन सकें, इसके लिए उनकी रूचि के अनुसार समर कैंप का आयोजन किया गया है।

कक्षा-शिक्षण के अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए समर कैम्प एक ऐसा अवसर है जहाँ वे अतिरिक्त क्रिया-कलापों द्वारा अपने व्यक्तित्व का विकास कर सकते हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्या रूपा माहेश्वरी ने समर कैम्प को छात्रों के लिए कौशलों का वरदान बताया। उन्होनें प्रत्येक छात्र से मिलकर उनकी भावनाओं को जानने का प्रयास किया और छात्रों तथा प्रशिक्षकों को कैम्प के दौरान सम्पूर्ण सहयोग की वचनबद्धता दोहराई साथ ही छात्रों को दिए जा रहे प्रशिक्षण के लिए सभी प्रशिक्षकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होनें ‘बौद्धिक विकास के लिए समर कैम्प को जरूरी‘ बताया। इस अवसर पर समस्त बाबा परिवार उपस्थित रहा।













































































