जलभराव से बेहाल दभौरा खंजनपुर, घरों और स्कूलों में दो से तीन फीट भरा पानी
बरेली। भोजीपुरा थाना क्षेत्र के दभौरा खंजनपुर गांव में जलनिकासी बाधित होने से आधे गांव में भीषण जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि नैनीताल हाईवे के पास बनी पुलिया और नाले का रास्ता बंद होने के कारण बरसात व गांव का पानी बाहर नहीं निकल पा रहा है। हालात यह हैं कि कई घरों में दो से तीन फीट तक पानी भर गया है, जबकि स्कूल, दुकानें और रास्ते भी जलमग्न हैं। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी अविनाश सिंह से तत्काल जलनिकासी की व्यवस्था कराकर राहत दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में जलभराव की समस्या विशेष रूप से अनुसूचित जाति बस्ती में गंभीर है। घरों में पानी घुसने से लोगों का सामान्य जीवन प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार पानी भरे रहने से मकानों के दरकने और किसी बड़ी अनहोनी का खतरा बना हुआ है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि जलनिकासी को लेकर पहले भी जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र दिया गया था। इसके बाद नायब तहसीलदार और लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया, लेकिन ग्रामीणों के अनुसार अभी तक जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि हाईवे के पास बने नाले में पर्याप्त निकासी नहीं होने के कारण पानी गांव में ही जमा हो रहा है।ग्राम प्रधान केसरी लाल ने बताया कि आधे गांव में पानी भरा हुआ है। स्कूल पूरी तरह जलमग्न हैं और कई गल्ले की दुकानें भी पानी में डूबी हुई हैं। उनके अनुसार, बारातघर के निर्माण के दौरान नाले में छोटे-छोटे पाइप लगाए गए हैं, जिनसे पर्याप्त पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। उनका कहना है कि नाले की दोबारा खुदाई से उचित जलनिकासी होने पर समस्या का समाधान हो सकता है।
ग्रामीण ओमपाल सिंह गंगवार ने आरोप लगाया कि नैनीताल हाईवे की पुलिया के पास जलनिकासी बाधित होने से हाईवे और गांव का पानी निकल नहीं पा रहा है। उनका दावा है कि गांव में कई स्थानों पर कमर तक पानी भरा हुआ है और लोग चारपाइयों पर बैठकर खाना बनाने को मजबूर हैं। वहीं, ग्रामीण मुन्नालाल ने आरोप लगाया कि नाले को श्रीजी बैंक्वेट हॉल और आसपास के निर्माणों के कारण नाला बंद कर दिया गया है। उन्होंने प्रशासन से नाला खुलवाकर पानी की निकासी कराने की मांग की।मुन्नालाल ने यह भी आरोप लगाया कि मौके पर जलनिकासी के लिए जेसीबी पहुंची थी, लेकिन संबंधित व्यक्ति द्वारा उसे रोक दिया गया और ग्रामीणों को धमकाया गया। ग्रामीण ने बंदूक लेकर धमकाने का भी आरोप लगाया है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।ग्रामीण महिला सावित्री देवी ने बताया कि उनके घर समेत बस्ती के कई मकानों में दो से तीन फीट तक पानी भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि बच्चे परेशान हैं और परिवारों को खाना बनाने तक में दिक्कत हो रही है। उनका आरोप है कि कई मकान पानी के कारण दरकने लगे हैं और स्कूल भवन में भी पानी भर जाने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। सावित्री देवी ने जिलाधिकारी से पानी निकलवाने और प्रभावित परिवारों को राहत दिलाने की मांग की।ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मौके पर प्रशासनिक टीम भेजकर जलनिकासी में बाधा की जांच कराई जाए और नाले-पुलिया की तत्काल सफाई व खुदाई कराकर पानी की निकासी सुनिश्चित की जाए। शिकायत करने बालों में मुकेश कुमार , राहुल , रवि , मुन्ना लाल , भानू , राजीव , विपिन , रामसिंह , रामदास , बृजपाल, राहुल आदि मौजूद थे।
















































































