शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय नर्सिंग दिवस
बदायूँ। दया, सेवा और समर्पण की प्रतिमूर्ति तथा आधुनिक नर्सिंग आंदोलन की जन्मदाता “द लेडी विथ द लैंप” के टाइटल से मशहूर महान नर्स फ्लोरेंस नाइटिंगेल के सम्मान में प्रति वर्ष 12 मई को मनाये जाने वाले अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस पर शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ़ नर्सिंग, शेखुपुर, बदायूं में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया|
इस अवसर सर्वप्रथम फ्लोरेंस नाइटिंगेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग की उप प्रधानाचार्या सारिका सिंह ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके द्वारा किये गए महान कार्यों से सभी को अवगत कराया।

कॉलेज की छात्राओं द्वारा रंगोली, पोस्टर तथा क्विज प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया गया| कॉलेज की प्रधानाचार्या फरहा नाज़ ने कहा कि पूरी दुनिया में समय-समय पर आई आपदाओं के दौरान विषम परिस्थितियों में अपना महत्वपूर्ण योगदान देते हुए नर्सेज ने हमेशा से ही नर्सिंग क्षेत्र के महत्व को साबित करने का कार्य किया है। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला चिकित्सालय, बदायूँ की मैट्रन लक्ष्मी अग्निहोत्री ने नर्सिंग छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी नर्सेज को फ्लोरेंस नाइटिंगेल के पद चिन्हों पर चलते हुए मरीजों के प्रति सेवाभाव को प्राथमिकता देना चाहिए। जिला चिकित्सालय की वरिष्ठ नर्सिंग अफसर रीता सरन सिस्टर ने कहा कि हम सभी नर्सेज के कार्य करने का तरीका ऐसा होना चाहिए की मरीज की परेशानी और दर्द नर्स के व्यवहार और बातों से ही कम हो जाये।

जिला महिला चिकित्सालय, बदायूँ की मास्टर नर्सिंग ट्रेनर सिस्टर मरियम ने नर्सिंग छात्राओं को निरन्तर अध्यन तथा सीखने को प्रेरित किया ताकि वे बेहतर तरीके से मरीजों का इलाज तथा सेवा कर सकें। इस अवसर पर शिखर इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग के डायरेक्टर डॉ0 राजेश कुमार वर्मा ने कहा कि मरीजों के सफल इलाज में नर्सेज का बहुत बड़ा योगदान है। उन्होंने कहा कि अगर चिकित्सक को भगवान कहा जाता है तो नर्सेज मरीजों के लिए फरिश्तों का कार्य करती हैं। संस्था के एम डी विक्रांत मेंदिरत्ता ने नर्सेज एवं नर्सिंग अध्यापिकाओं के कार्य की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।

कॉलेज के सचिव करन थरेजा द्वारा सभी अतिथियों तथा नर्सिंग अध्यापिकाओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया | इस अवसर पर नर्सिंग अध्यापिका स्वाती नाथ, कविता कोठारी, लाइब्रेरियन गुंजन तिवारी तथा शिखर नर्सिंग होम की नर्सिंग स्टाफ मुस्कान, कुसुम, पूजा, नेहा, लैब तकनीशियन जितेन्द्र, नवनीत, पंकज, मनीष आदि उपस्थित रहे|













































































