बदायूँ। वन विभाग रोड स्थित आशीषा रसोई पर कल रात चोरों द्वारा चोरी की घटना को अंजाम दिया गया, जिसमें खाने के सामान के अलावा कुकर, सिलेंडर आदि भी चोरी गए हैं। घटना की जानकारी देते हुए आशीषा फाउंडेशन के जितेंद्र मलिक ने बताया कि चोरों ने रसोई से 3 सिलेंडर, 6 भगोने, कुकर, 10 चावल के कट्टे, 2 रिफाइंड के टीन, मिक्सी आदि सामान चोरी कर लिया है। गरीबों को मात्र 10 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने वाली रसोई से चोरों द्वारा सामान चोरी होने से अब कुछ दिनों तक गरीबों को इस रसोई से भोजन प्राप्त करने से वंचित रहना पड़ेगा। मलिक ने बताया कि पिछले लगभग दो साल से लगातार किचन चल रही है जिसमें गरीबों व जरूरतमन्दों को मात्र थोड़े से धन में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, लेकिन आज हुई चोरी के कारण रसोई संचालन में कुछ समस्या आ गयी है जिसकी वजह से किचन को थोड़े दिन के लिए बंद रखा जायेगा एवं जल्दी ही सामान इकठ्ठा करके रसोई का संचालन पुनः शुरू किया जायेगा।