बेटी का जन्मदिन मनाने के बाद महिला ने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को मारी गोली
लखनऊ। टिकैतराय एलडीए की सचिवालय कॉलोनी में सोमवार सुबह पेशकार कौशल दीक्षित की पत्नी मधु (50) ने लाइसेंसी रिवाल्वर से खुद को गोली मार ली। छत पर बनी अनटिया में मधु खून से लथपथ पड़ी मिली। रविवार को उनकी बेटी का जन्मदिन था। घटना की जानकारी पर पुलिस अधिकारियों और फोरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए। मधु को गंभीर हालत में ट्रामा में भर्ती कराया गया है।
सचिवालय कॉलोनी निवासी कौशल दीक्षित सरोजनीनगर तहसील में पेशकार हैं। रविवार को उनकी आठ साल की बेटी ध्येया का जन्मदिन था। जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए उन्नाव से भांजी समीक्षा पति अभिषेक से साथ आयी थीं। रात घर पर जन्मदिन का कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी अपने कमरों में सोने चले गए। इसके बाद सुबह कमरे में ध्येया का रोना सुनकर समीक्षा पहुंची। उसने मधु को कमरे में न देखकर उन्हें आवाज लगाते हुए घर में खोजा। न मिलने पर छत पर पहुंची धक्का देकर अनटिया का दरवाजा खोला तो वहां खून से लथपथ मधु का शव पड़ा देख चीख पुकार करती हुई भागी। शोर सुनकर घर वाले भी आ गए। आनन फानन मधु को ट्रामा लेकर पहुंचे। जहां, हालत नाजुक देख उन्हें भर्ती कर लिया गया। सूचना पर एडीसीपी पश्चिम राजेश श्रीवास्तव, सीओ बाजारखाला अनूप कुमार सिंह, इंस्पेक्टर बाजारखाला और फोरेंसिक टीम पहुंची। घटना स्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए। एडीसीपी राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि मधु का इलाज चल रहा है। परिवारीजनों ने अभी ऐसी कोई जानकारी नहीं दी है जिससे गोली मारने के कारणों की जानकारी हो सके। मामले की जांच की जा रही है।
