शशांक पाराशरी बैडमिंटन एवं अनुपम निधि बिसारिया बने शतरंज चैंपियन
बदायूं। राजकीय महाविद्यालय आवास विकास में आज से प्रारंभ हुई दो दिवसीय इंडोर क्रीड़ा प्रतियोगिता में छात्रों बढ़ चढ़ कर प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं का शुभारंभ कार्यवाहक प्राचार्य डॉ अंशु सत्यार्थी ने किया।
शतरंज प्रतियोगिता में बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र अनुपम निधि विसारिया ने बीएससी प्रथम वर्ष के ही विनायक शर्मा को कड़े मुकाबले में शह और मात के इस खेल में पराजित करते हुए इस वर्ष का चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।



विनायक शर्मा ने भी कड़ी टक्कर देते हुए द्वितीय स्थान हासिल किया। जबकि तीसरे स्थान पर अभिषेक राठौर और शशांक पाराशरी का मैच टाई पर समाप्त हुआ जिस कारण दोनों ही खिलाड़ियों को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान का विजेता घोषित किया गया। जबकि बैडमिंटन प्रतियोगिता में कड़ा संघर्ष देखने को मिला। बीएससी प्रथम वर्ष के छात्र शशांक पाराशरी ने बैडमिंटन में जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए बीएससी प्रथम वर्ष के ही उदित प्रताप को 21-15 के सीधे सेट में पराजित करते हुए इस वर्ष का बैडमिंटन चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया।

द्वितीय स्थान पर बीएससी प्रथम वर्ष के उदित प्रताप रहे जबकि तृतीय स्थान बीए तृतीय वर्ष के छात्र अरुण कुमार को हासिल हुआ। बैडमिंटन प्रतियोगिता में 20 छात्रों ने प्रतिभाग किया जिसमें शशांक पाराशरी, अभिषेक राठौर, उदित प्रताप सिंह, अनुज कुमार, अरुण कुमार, अनुपम बिसारिया, शिवम अरुण एवं प्रशांत श्रीवास्तव ने टॉप आठ में जगह बनाई परंतु इस बार सुशांत पाराशरी के स्नैपशॉट एवं नेट ड्रॉप का अन्य प्रतिभागियों के पास कोई जवाब नहीं था। बेहतरीन खेल का नमूना दिखाते हुए शशांक ने अपने प्रतिद्वंदी खिलाड़ियों को कोर्ट में चारों ओर दौड़ने पर बाध्य कर दिया और फाइनल मुकाबला 21-15 के अंतर से जीते।

निर्णायक की भूमिका में डॉ संजय कुमार रहे। प्रतियोगिताओं का संचालन क्रीड़ा सचिव डॉ अनिल कुमार के निर्देशन में हुआ।













































































