PM मोदी ने किया पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का लोकार्पण
सुल्तानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मंगलवार को उत्तर प्रदेश के साथ देश को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के रूप में नायाब तोहफा दिया है. पीएम मोदी ने आज 342 किलोमीटर लंबे पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण कर दिया है. पीएम नरेंद्र मोदी ने भारत माता की जय के उद्घोष के साथ अपना भाषण शुरू किया. पीएम ने कहा, आज इस पावन धरती को पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सौगात मिली है जिसकी आप सभी बहुत दिन से इंतजार कर रहे थे. आप सभी को बहुत-बहुत बधाई.
पीएम मोदी ने कहा कि जिसे भी यूपी के सामर्थ्य पर संदेह हो, तो यहां पर आकर यूपी का सामर्थ्य देख सकता है. तीन-चार साल पहले जहां सिर्फ जमीन थी, अब वहां से होकर इतना अत्याधुनिक एक्सप्रेस-वे गुजर रहा है. जब मैंने इसका शिलान्यास किया था तब सोचा नहीं था कि एक दिन उसी एक्सप्रेस-वे पर विमान से मैं खुद उतरूंगा. ये यूपी को तेज गति से बेहतर भविष्य की ओर लेकर जाएगा.
पीएम मोदी ने कहा कि जिस धरती पर हनुमानजी ने कालनेमि का वध किया, उस धरती के लोगों के मैं पैर लगाता हूं. यहां की मिट्टी में आजादी की लड़ाई की खुशबू आती है इस पावन धरती को आज पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की सौगात मिल रही है, जिसका आप बहुत दिन से इंतजार कर रहे थे.
पीएम मोदी ने कहा कि बीजेपी की सरकार आने के बाद से ही देश के दूरदराज के इलाकों को सड़कों से जोड़ा गया है. 2017 के पहले प्रदेश में राह नहीं राहजनी होती थी. पीएम ने कहा कि यूपी का भाग्य बदलना शुरू हो गया है. पहले कितनी बिजली कटौती होती थी, कौन भूल सकता है कि यूपी में कानून व्यवस्था की क्या हालत थी, यहां मेडिकल सुविधा की क्या व्यवस्था थी.
PM मोदी के मंच पर पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी स्वागत भाषण दिया. इस मौके पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, सुल्तानपुर की सांसद मेनका गांधी सहित BJP के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे. सीएम योगी ने कहा कि पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का शिलान्यास तीन साल पहले किया गया था और आज सिर्फ 36 महीने में 341 किलोमीटर का एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन होने जा रहा है.
पीएम मोदी सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर सुपर हरक्युलिस सी-130 जे विमान से उतरे. पीएम मोदी के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह हरक्युलिस विमान से सुल्तानपुर में तैयार हवाई पट्टी पर उतरे. पूर्वांचल एक्सप्रेस का लोकापर्ण करने के बाद वह जनसभा को भी संबोधित कर रहे हैं. इससे पहले सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में तेजी से इंफ्रास्ट्रक्चर का विकास किया जा रहा है. यह पूर्वांचल एक्सप्रेस वे प्रदेश के विकास की एक तस्वीर है.
एक्सप्रेस-वे से करीब 9 जिले के लोगों को होगा फायदा
यह एक्सप्रेस-वे पूर्वांचल के विकास की रफ्तार को तेज कर देगा. इससे करीब 60 लाख लोगों को रोजगार मिलने का रास्ता साफ होगा. एक्सप्रेस-वे से करीब 9 जिले के लोगों को फायदा पहुंचेगा. पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के सहारे बीजेपी पूर्वांचल में अपनी घेरेबंदी मजबूत करेगी. विकास मॉडल का प्रचार करेगी और 2022 में सत्ता पर दोबारा काबिज होने की भरपूर कोशिश भी होगी. अब देखना ये होगा कि एक्सप्रेस-वे की रफ्तार से बीजेपी को कितनी धार मिलती है.














































































